कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हावड़ा से न्यू जलपाई गुड़ी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। घटना में वंदे भारत ट्रेन के एक बोगी का विंडो कांच टूट गया है। बता दें कि चार दिन पहले प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी ने वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए रवाना किया था।
रेलवे सूत्रों की अगर माने तो ट्रेन पर पत्थरबाजी की घटना तब घटी जब ट्रेन संख्या 22302 वंदे भारत ट्रेन न्यू जलपाई गुड़ी से हावड़ा के लिए रवाना हुई। कटिहार डिवीजन के कुमारगंज रेलवे स्टेशन पर जैसे ही वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार की शाम 5 बजकर 31 मिनट पर पहुंची, अचानक ट्रेन पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। हालांकि ट्रेन का स्टॉपेज उस स्टेशन पर नहीं था। पथराव के बाद ट्रेन मालदा स्टेशन के तरफ रवाना हो गई।
रेलवे ने वंदे भारत ट्रेन पर हमला मामले के जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि प्रीमियर सेमी हाई-स्पीड ट्रेन पर किसने पत्थरबाजी की। इस बीच, बीजेपी ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर फेंकने का आरोप लगाया है. बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने इसे टीएमसी की साजिश करार दिया है।




