नई दिल्ली। नई दिल्ली स्थित बीबीसी के दफ्तर पर आयकर विभाग का सर्वे दूसरे दिन भी जारी है। इस बीच अब बीबीसी ने अपने कर्मचारियों के लिए एक नया मेल जारी किया है। इस मेल में सभी लोगों से जारी सर्वे में सहयोग करने के लिए कहा गया है। इसमें सभी से आईटी अधिकारियों का सपोर्ट करने और उनके सवालों का व्यापक जवाब देने के लिए कहा गया है।
मेल में साफ-साफ शब्दों में कहा गया है कि सभी कर्मचारी पर्सनल इनकम पर पूछे जाने पर सवालों के जवाब देने से परहेज कर सकते हैं। उन्हें वेतन से जुड़े अन्य सवालों का जवाब देना चाहिए। इसके साथ ही केवल ब्रॉडकास्टिंग डिपार्टमेंट को ऑफिस बुलाया गया है। बाकी सभी से वर्क फ्रॉम होम के लिए कहा गया है। बीबीसी ने इससे पहले एक ट्वीट किया था जिसमें बताया गया कि आयकर विभाग की टीम दिल्ली और मुंबई ऑफिस में मौजूद है. हम उन्हें पूरा सहयोग कर रहे हैं. सर्वे का काम अभी भी जारी है. ऑफिस में काम शुरू हो गया है।
बीबीसी के ऑफिस पर जारी छापेमारी के बीच अमेरिका और ब्रिटेन ने भी प्रतिक्रिया दी है। अमेरिका ने कहा है कि भारत में बीबीसी के ऑफिसों में इनकम टैक्स की रेड से हम अवगत हैं. लेकिन अभी इस पर कोई निर्णय देने की स्थिति में नहीं हैं। वहीं, ब्रिटेन सरकार के सूत्रों ने कहा है कि बीबीसी के दफ्तर में आयकर की छापेमारी पर सरकार बारीकी से निगरानी कर रही है। हालांकि, इनकम टैक्स की रेड पर ब्रिटेन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।




