National

आम आदमी पार्टी की शैली ओबेरॉय बनीं दिल्ली की मेयर, बीजेपी ने वापस लिया नाम

नई दिल्ली| दिल्ली एमसीडी में मेयर और उपमेयर के लिए आज बुधवार को हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी शिखा राय के नाम वापस लेने के बाद आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय फिर दिल्ली नगर निगम की मेयर निर्वाचित हुई हैं। वहीं, डिप्टी मेयर पद पर फिर से आले इकबाल चुने गए। मेयर ने सदन की बैठक को स्थगित कर दिया है। अब अगली बैठक दो मई को होगी।

मेयर ने कहा कि डिप्टी मेयर पद के लिए कोई भी प्रत्याशी अपना नाम वापस लेना चाहे तो ले सकता है। भाजपा की डिप्टी मेयर प्रत्याशी सोनी पांडेय ने भी अपना नाम वापस लिया। इस तरह से आले इकबाल दिल्ली के डिप्टी मेयर चुने गए। मेयर ने डिप्टी मेयर आले इकबाल को डिप्टी मेयर घोषित किया।

मेयर शैली ओबरॉय अपनी चेयर पर लौटीं। उन्होंने सभी पार्षदों, मनोनीत पार्षदों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि हमें एक बार फिर से मौका देने के लिए सबको धन्यवाद, हम सब मिलकर दिल्ली के पार्कों, सड़कों को सुंदर बनाएंगे। शैली ओबरॉय को विधिवत महापौर घोषित किया गया है। पीठासीन अधिकारी मुकेश गोयल ने की इसकी घोषणा की है।

मेयर चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी ने प्रेस वार्ता कर भाजपा पर हमला बोला। आप विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि आज पहली बार भाजपा ने आत्मसमर्पण कर दिया। पिछले कई सप्ताह से सरेंडर सप्ताह चल रहा है। दो माह पहले पीठासीन अधिकारी को लेकर गुंडागर्दी की। इस बार cm केजरीवाल ने जब मुकेश गोयल का नाम भेजा तो एलजी ने सरेंडर कर दिया।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH