नई दिल्ली| दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के आवास पर रेनोवेशन के काम में खर्च हुए 45 करोड़ रु को लेकर आरोपों प्रत्यारोपों का दौर शुरू हो गया है. बीजेपी ने इसको लेकर जब अरविन्द केजरीवाल पर निशाना साधा तो वहीं बचाव में उतरे राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पीएम के हवाई जहाज, कोरोना काल में हुई मौतों समेत सेंट्रल विस्टा के मुद्दे को उठाया।
उन्होंने कहा कि जो लोग आरोप लगा रहे हैं क्या वे भूल गए कि हवाई जहाज किसके शासन काल में आया। हकीकत तो यह है कि देश के सामने जितने बड़े मुद्दे हैं उससे ध्यान हटाने के लिए अनर्गल प्रलाप किया जा रहा है। अरविंद केजरीवाल ने कोई ऐसा काम नहीं किया है जिसे दिल्ली की जनका का भरोसा टूटा हो। आज जब केंद्र की सरकार अडानी के मुद्दे पर बैकफुट पर है तो विरोधियों पर लांक्षन लगाने का काम किया जा रहा है।
जहां एक तरफ मनोज तिवारी ने कहा कि आखिर जिस ईमानदारी और सादगी की बातें अरविंद केजरीवाल किया करते थे क्या वो सिर्फ कहने वाली बातें थीं। अब तो एक एक सच सामने आ रहा है। आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेताओं ने सिर्फ जनता को भरमाने का काम किया। धोखे से वोट हासिल की। अब सबकुछ सामने है। इस तरह के आरोपों के जवाब में संजय सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि किस तरह से देश के संसाधनों को कुछ खास लोगों को दिया जा रहा है। जिन लोगों के कपड़े खुद मलिन हों उन्हें दूसरे के ऊपर सवाल उठाने का लाइसेंस नहीं मिल जाता है।




