National

आप सांसद संजय सिंह के करीबियों के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, बोले- मैं झुकूंगा नहीं

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि दिल्ली शराब नीति मामले में ईडी ने बुधवार को उनके सहयोगियों के परिसरों पर छापेमारी की। सांसद संजय सिंह इस वक्त दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ दूसरे दलों के नेताओं से मिलने के लिए दिल्ली से बाहर गए हुए हैं। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि जांच एजेंसी ने सर्वेश मिश्रा के दिल्ली स्थित विठ्ठल भाई पटेल हाउस स्थित परिसरों पर छापेमारी की। आप नेता ने एक ट्वीट में यह भी कहा कि ईडी ने अजीत त्यागी के परिसरों पर छापा मारा।

संजय सिंह ने आरोप लगाया गया है कि शराब व्यापारियों को लाइसेंस देने के लिए 2021-22 के लिए दिल्ली सरकार की आबकारी नीति ने कुछ डीलरों का पक्ष लिया, जिन्होंने इसके लिए कथित तौर पर रिश्वत दी थी, इस आरोप का आप ने जोरदार खंडन किया था। बाद में नीति को रद्द कर दिया गया।

मुंबई में मौजूद संजय सिंह ने कहा कि आज सुबह पता चला कि मेरे सहयोगियों के घर पर छापेमारी चल रही है तो मैं ईडी को बताना चाहता हूं कि मैं न झुकूंगा न रूकूंगा। हम मोदी सरकार के इस हथकंडे के सामने कोई भी समझौता नहीं करने वाले हैं, हम आपसे लड़ेंगे और पूरे देश के सामने ईडी का किसी तरह से दुरुपयोग हो रहा है इसे उजागर करेंगे।

एक अन्य ट्वीट में संजय सिंह ने कहा कि मोदी की दादागिरी चरम पर है। मैं मोदी की तानाशाही के ख़िलाफ़ लड़ रहा हूं। ED की फर्जी जाँच को पूरे देश के सामने उजागर किया। ED ने मुझसे गलती मानी। जब कुछ नही मिला तो आज मेरे सहयोगियों अजीत त्यागी और सर्वेश मिश्रा के घर ED ने छापा मारा है। सर्वेश के पिता कैंसर से पीड़ित हैं ये जुर्म की इंतेहा है। चाहे जितना जुर्म करो लड़ाई जारी रहेगी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH