NationalTop News

अहमदाबाद विमान हादसे में आगरा के नीरज और अपर्णा लवानिया की मौत, गांव में शोक की लहर

आगरा/अहमदाबाद। गुरुवार को गुजरात के अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में आगरा निवासी नीरज लवानिया और उनकी पत्नी अपर्णा लवानिया की दुखद मृत्यु हो गई। इस खबर के सामने आते ही आगरा के अकोला गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि यह क्षति अपूरणीय है और इस हादसे को भुला पाना असंभव है।

गांव के लोगों ने बताया कि नीरज लवानिया मिलनसार और समाजसेवी स्वभाव के व्यक्ति थे, जो अक्सर गांव आया करते थे। उनके व्यवहार और सामाजिक योगदान के चलते गांव में उनका अच्छा नाम था। नीरज के चचेरे भाई ने बताया कि हादसे की खबर मिलने के बाद से पूरे परिवार और गांव के लोग सदमे में हैं।

नीरज के भतीजे शुभम लवानिया ने कहा, “हमें हादसे की जानकारी सबसे पहले मीडिया रिपोर्ट्स के माध्यम से मिली। बाद में एयर इंडिया ने भी पुष्टि की कि विमान में सिर्फ एक व्यक्ति ही जीवित बचा है।” उन्होंने भावुक होकर कहा, “आज भी विश्वास नहीं हो रहा कि यह सब सच है। हम तो ईश्वर से यही प्रार्थना कर रहे हैं कि कोई चमत्कार हो जाए और वो दोनों सुरक्षित मिल जाएं।”

परिजनों ने बताया कि नीरज और अपर्णा वडोदरा में रहते थे और गर्मियों की छुट्टियों में लंदन घूमने जा रहे थे। एक करीबी रिश्तेदार ने बताया कि गुरुवार सुबह ही नीरज से फोन पर बात हुई थी, जब वह टैक्सी से वडोदरा से अहमदाबाद एयरपोर्ट की ओर रवाना हुए थे। फोन पर नीरज ने बताया था कि उनकी फ्लाइट दोपहर 1:30 बजे है और वे लंदन पहुंचने के बाद संपर्क करेंगे।

परिजनों के अनुसार, नीरज लवानिया साल 2019 से वडोदरा में निवास कर रहे थे और इस बार वह लंदन किसी निजी कार्य से जा रहे थे। अब उनकी असामयिक मौत ने पूरे परिवार और जानने वालों को गहरे दुख में डुबो दिया है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH