EntertainmentTop News

विदेश में रहकर भी भारतीय संस्कार नहीं भूलीं प्रियंका चोपड़ा, बेटी मालती ने नीर को भेजी पहली राखी परिणीति ने दिखाई झलक

मुंबई: ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा भले ही लंबे समय से विदेश में रह रही हों, लेकिन भारतीय संस्कृति और अपनी जड़ों से उनका जुड़ाव आज भी उतना ही मजबूत है। प्रियंका अक्सर अपनी बेटी मालती मैरी चोपड़ा को भी भारतीय परंपराओं से परिचित कराती नजर आती हैं। दिवाली, होली और अन्य त्योहारों के साथ-साथ वह खास मौकों पर बेटी को मंदिर भी लेकर जाती हैं। अब रक्षाबंधन के मौके पर प्रियंका और उनकी बेटी मालती एक बार फिर चर्चा में हैं। दरअसल, मालती ने अपनी कजिन बहन परिणीति चोपड़ा के बेटे नीर के लिए विदेश से राखी भेजी है। परिणीति ने सोशल मीडिया पर इसकी प्यारी सी झलक साझा की है।

मालती ने नीर को भेजी पहली राखी

परिणीति चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम पर बेटे नीर की तस्वीर शेयर की, जिसमें उसके हाथ पर खूबसूरत राखी बंधी नजर आ रही है। तस्वीर के साथ उन्होंने मालती के लिए प्यार भरा संदेश भी लिखा। परिणीति ने कैप्शन में लिखा, ‘मेरी पहली राखी के लिए थैंक यू मालती दीदी, बहुत सारा प्यार, नीर।’

परिणीति की इस पोस्ट को प्रियंका चोपड़ा ने भी री-शेयर किया। उन्होंने मालती की ओर से नीर के लिए प्यार जताते हुए लिखा, ‘दीदी तुम्हें बहुत प्यार करती है बेबी नीर।’ मालती और नीर का यह पहला रक्षाबंधन है। दोनों की माताएं प्रियंका और परिणीति कजिन सिस्टर्स हैं और दोनों के बीच काफी करीबी रिश्ता है।

विदेश में रहकर बेटी को दे रहीं भारतीय परवरिश

प्रियंका चोपड़ा लगातार अपनी बेटी मालती को भारतीय संस्कृति से जोड़ने की कोशिश करती हैं। इससे पहले भी वह मालती के साथ मंदिर जाती और भारतीय त्योहार मनाती नजर आ चुकी हैं। प्रियंका ने एक वीडियो भी साझा किया था, जिसमें वह मालती को दुर्गा सप्तशती का मंत्र सिखाती दिखाई दी थीं। इससे साफ है कि विदेश में रहने के बावजूद प्रियंका अपनी बेटी को भारतीय परंपराओं और संस्कारों से परिचित कराने को काफी महत्व देती हैं।

2022 में हुआ था मालती का जन्म

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास ने जनवरी 2022 में अपनी बेटी मालती मैरी का स्वागत किया था। बेटी के जन्म की जानकारी प्रियंका ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की थी। वहीं, परिणीति चोपड़ा ने अक्टूबर 2025 में अपने बेटे नीर का स्वागत किया। ऐसे में दोनों बच्चों के लिए यह रक्षाबंधन खास रहा, जिसे दोनों परिवारों ने दूर रहते हुए भी यादगार बना दिया।

‘वाराणसी’ से बॉलीवुड में वापसी करेंगी प्रियंका

वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा लंबे समय से किसी भारतीय फिल्म में नजर नहीं आई हैं। अब वह एसएस राजामौली की आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ से भारतीय सिनेमा में वापसी करने जा रही हैं। फिल्म में उनके साथ महेश बाबू मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की शूटिंग का बड़ा हिस्सा पूरा होने की खबर है और इसके अप्रैल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की संभावना है। वहीं परिणीति चोपड़ा को आखिरी बार ‘अमर सिंह चमकीला’ में देखा गया था। फिल्म में उन्होंने दिलजीत दोसांझ के साथ काम किया था और यह 2024 में रिलीज हुई थी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH