NationalTop News

मन की बात में पीएम मोदी ने नशामुक्त भारत का किया आह्वान, स्वनिधि योजना से लेकर उत्तम कुमार तक इन मुद्दों पर की चर्चा

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे प्रेरणादायक प्रयासों का जिक्र किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान को जनभागीदारी से मजबूत करने का आह्वान किया। इसके अलावा पीएम मोदी ने इतिहास को आसान तरीके से समझने वाली एक वेबसाइट, पीएम स्वनिधि योजना, स्वच्छता अभियान, ‘हर घर तिरंगा’ और महानायक उत्तम कुमार की जन्मशती सहित कई विषयों पर बात की।

इतिहास को आसान बनाने वाली वेबसाइट का किया जिक्र

पीएम मोदी ने मुंबई के कृष्णा शेषाद्री की पहल का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने भारत के इतिहास को रोचक और सरल तरीके से समझने के लिए एक वेबसाइट तैयार की है। इस वेबसाइट पर किसी खास वर्ष का चयन करने पर यह जानने में मदद मिलती है कि उस दौर में भारत के अलग-अलग हिस्सों में किसका शासन था। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस तरह की पहल इतिहास के विद्यार्थियों के साथ-साथ आम लोगों के लिए भी उपयोगी हो सकती है। उन्होंने युवाओं से ऐसे प्रयासों को जानने और इतिहास को नए नजरिए से समझने की अपील की।

‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ पर जोर

‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि नशे की समस्या का असर सिर्फ व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार और समाज भी इसकी चपेट में आते हैं। उन्होंने युवाओं, कलाकारों, संगीतकारों, छात्रों और थिएटर समूहों से नशे के खिलाफ रचनात्मक अभियान चलाने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि गीत, शॉर्ट फिल्म, नाटक और सोशल मीडिया कंटेंट के जरिए नशे के नुकसान और उससे बाहर निकलने का संदेश प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। प्रधानमंत्री ने देश के कंटेंट क्रिएटर्स से अलग-अलग भारतीय भाषाओं में जागरूकता से जुड़ा कंटेंट तैयार करने और सोशल मीडिया पर नशामुक्तयुवा के साथ अपने प्रयास साझा करने का आग्रह किया।

अगस्त में देशभक्ति के रंगों का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने अगस्त महीने को देशभक्ति की भावना से जुड़ा महीना बताते हुए कई राष्ट्रीय अवसरों का उल्लेख किया। उन्होंने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस, भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का जिक्र किया। पीएम मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को भी देश के लोगों को जोड़ने वाला प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि इस बार करोड़ों लोगों ने तिरंगे के साथ सेल्फी साझा कीं।

उन्होंने ‘सूर्यपथ तिरंगा’ पहल का भी उल्लेख किया, जिसके तहत दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में भारतीय मिशनों और पोस्ट पर तिरंगा फहराया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि फिजी के सुवा से लेकर एशिया, अफ्रीका और यूरोप होते हुए अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को तक तिरंगे की मौजूदगी ने देशवासियों को गौरवान्वित किया।

पीएम स्वनिधि योजना में महिलाओं की बड़ी भागीदारी

पीएम मोदी ने छोटे कारोबार से जुड़ी महिलाओं का जिक्र करते हुए पीएम स्वनिधि योजना की भूमिका बताई। उन्होंने कहा कि शहरों और कस्बों में बड़ी संख्या में महिलाएं रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबार के जरिए अपने परिवार की आर्थिक मदद करती हैं। कई बार पूंजी की कमी उनके कारोबार के विस्तार में बाधा बनती है।

प्रधानमंत्री के मुताबिक, पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों में करीब 46 फीसदी महिलाएं हैं और लगभग 35 लाख महिलाएं इस योजना से जुड़कर अपने कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने गाजियाबाद की बबीता शर्मा का उदाहरण देते हुए बताया कि वह पहले सड़क किनारे पूजा सामग्री बेचती थीं। योजना के तहत आर्थिक सहायता मिलने के बाद उन्होंने अपने कारोबार में सामान बढ़ाया। ग्राहकों और आमदनी में इजाफा हुआ और उनका छोटा स्टॉल धीरे-धीरे दुकान में बदल गया।

रामपुर के पटवाई गांव के युवाओं की तारीफ

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के पटवाई गांव के दो युवाओं आकाश और रोहन के स्वच्छता अभियान की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि दोनों युवाओं ने अपने आसपास फैली गंदगी को देखकर खुद सफाई की शुरुआत की। बाद में दूसरे युवा भी उनसे जुड़ते गए और ‘क्लीन-अप पटवाई’ नाम से एक टीम तैयार हो गई। पीएम मोदी के मुताबिक, इस समूह ने चार गंगा घाटों की सफाई की है और एक टन से ज्यादा प्लास्टिक कचरा हटाया है। इसके अलावा टीम ने तालाबों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई में भी योगदान दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब स्वच्छता किसी अभियान के बजाय लोगों की अपनी जिम्मेदारी बन जाती है, तो उसका असर लंबे समय तक दिखाई देता है।

महानायक उत्तम कुमार को पीएम मोदी ने किया याद

‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महानायक उत्तम कुमार को भी याद किया। उन्होंने बताया कि 3 सितंबर को उत्तम कुमार की जन्मशती मनाई जाएगी। पीएम मोदी ने उन्हें बहुमुखी प्रतिभा वाला अभिनेता बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। उन्होंने सत्यजीत रे की फिल्म ‘नायक’ का भी जिक्र किया और बताया कि फिल्म के किरदार को लेकर उत्तम कुमार के अभिनय की काफी सराहना हुई थी।

प्रधानमंत्री ने उत्तम कुमार के शुरुआती संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी शुरुआती फिल्मों को अपेक्षित सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने मेहनत और अपने काम पर भरोसा बनाए रखा। आगे चलकर वह भारतीय सिनेमा के बड़े नामों में शामिल हुए। पीएम मोदी ने उत्तम कुमार की सामाजिक सेवा और परोपकार से जुड़ी छवि का भी उल्लेख किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH