लंदन। पाकिस्तानी क्रिकेटर हैदर अली को ब्रिटेन में रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने उन्हें बेकनहम मैदान से हिरासत में लिया, जहां वे ‘पाकिस्तान शाहीन’ टीम के साथ यूके दौरे पर थे। इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी मूल की एक युवती ने हैदर अली पर 23 जुलाई 2025 को यौन शोषण का आरोप लगाया। पुलिस ने 24 वर्षीय बल्लेबाज को 3 अगस्त को पकड़ा, जब वे कैंटरबरी में MCSAC (मेलबर्न क्रिकेट क्लब) के खिलाफ मैच खेल रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया, लेकिन उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया ताकि वे देश छोड़कर न जा सकें। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के समय हैदर अली भावुक हो गए और खुद को निर्दोष बताया।
पीसीबी ने कहा है कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगा और हैदर अली को कानूनी सहायता भी देगा। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने तक हैदर टीम से बाहर रहेंगे। गौरतलब है कि पाकिस्तान शाहीन टीम 17 जुलाई से 6 अगस्त तक ब्रिटेन दौरे पर रही। इस दौरान दो तीन-दिवसीय मैच ड्रॉ रहे, जबकि तीन मैचों की वनडे सीरीज में पाकिस्तान ने 2-1 से जीत दर्ज की।




