SportsTop News

U19 वर्ल्ड कप: भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराया, वैभव सूर्यवंशी का डांस वीडियो हुआ वायरल

अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। चैंपियन बनने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने ड्रेसिंग रूम में जमकर जश्न मनाया, जहां डांस और मस्ती का माहौल देखने को मिला। इस जश्न के बीच टीम इंडिया के धाकड़ ओपनर वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद वैभव ने भोजपुरी गाने पर धमाकेदार डांस कर सभी का दिल जीत लिया।

वैभव सूर्यवंशी का यह वीडियो उनकी आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में वैभव कहते नजर आते हैं कि उन्हें पंजाबी गाना समझ नहीं आ रहा, इसलिए अब भोजपुरी गाना बजेगा। इसके बाद वह पवन सिंह की फिल्म ‘भोजपुरिया राज’ के मशहूर गाने ‘Sorry Sorry कहा तारू’ पर डांस करते दिखते हैं। उनके साथ टीम के अन्य खिलाड़ी भी थिरकते नजर आते हैं। वीडियो के अंत में वैभव मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि आज के लिए उनकी तरफ से इतना ही काफी है।

फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने भारत की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 80 गेंदों में 175 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 लंबे छक्के शामिल थे। उनके अलावा कप्तान आयुष म्हात्रे ने 53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने 40 रन का योगदान दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 411 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 412 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 311 रन पर ऑलआउट हो गई।

पूरे अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया और लीग स्टेज से लेकर फाइनल तक अपना दबदबा बनाए रखा। इससे पहले भारत 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत चुका है। छठी बार खिताब जीतकर भारत ने इस टूर्नामेंट में अपनी बादशाहत एक बार फिर साबित कर दी है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH