Top NewsUttar Pradesh

सीएम योगी की मां पर टिप्पणी के मामले में मौलाना सलीम पर FIR, यूपी के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर कथित विवादित टिप्पणी करने वाले मौलाना सलीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी के बलरामपुर जिलाध्यक्ष की तहरीर के आधार पर की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, बलरामपुर के अलावा पूरे उत्तर प्रदेश के करीब 83 थानों में मौलाना के खिलाफ शिकायतें दी गई हैं। हिंदू संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बीजेपी पदाधिकारियों और छात्रों ने पुलिस को तहरीर देकर मौलाना की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। कई संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किए जाएंगे।

इस मामले को लेकर प्रदेश के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिले हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर मौलाना के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने बुल्डोजर कार्रवाई और सख्त सजा की मांग भी उठाई।

लखनऊ में भी इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन हुआ। लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों और अधिवक्ताओं ने हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए मौलाना अब्दुल्ला सलीम का पुतला जलाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि किसी की मां के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना बेहद आपत्तिजनक है और समाज इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस को इस मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की टिप्पणी करने से पहले कई बार सोचे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH