NationalTop News

असम में रिकॉर्ड वोटिंग, सीएम हिमंता का दावा – NDA पहुंच सकता है 100 पार

असम में गुरुवार 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। राज्य में वोटिंग को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। चुनाव आयोग के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, इस बार 85 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है, जो 2021 के 82.5 प्रतिशत के मुकाबले ज्यादा है। अंतिम आंकड़े आने पर इसमें और बढ़ोतरी संभव है। मतदान के बाद मुख्यमंत्री Himanta Biswa Sarma ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन इस बार ट्रिपल डिजिट यानी 100 से अधिक सीटें हासिल कर सकता है।

सीएम हिमंता ने कहा कि पहले बांग्लादेशी मूल के मुस्लिम समुदाय में मतदान प्रतिशत 95-96 प्रतिशत तक रहता था, जबकि अन्य समाजों में यह करीब 75-76 प्रतिशत होता था। इस बार दोनों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली और कुल मतदान 86-87 प्रतिशत के आसपास रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि जिन वर्गों में पहले कम मतदान होता था, उन्होंने भी इस बार बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है।

उन्होंने आगे कहा कि शुरुआती आकलन के अनुसार, सहयोगी दल असम गण परिषद (AGP) दो मुस्लिम बहुल सीटों पर जीत की ओर है, जबकि भाजपा भी एक ऐसी सीट पर कड़ी टक्कर दे रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं और युवा इस बार असम की पहचान और संस्कृति की रक्षा के लिए आगे आए हैं और लोगों ने घुसपैठ के खिलाफ मतदान किया है। गौरतलब है कि असम की सभी 126 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान हुआ है। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। राज्य में बहुमत का आंकड़ा 64 सीटों का है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH