RegionalTop News

झारखंड में बढ़ती गर्मी पर सीएम हेमंत सोरेन सख्त, सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था के निर्देश

हेमंत सोरेन ने राज्य में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को आम लोगों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर राहगीरों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था करने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, थाना प्रभारियों, अंचल अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं, ताकि भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत मिल सके। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इसे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि जिन इलाकों में जल संकट की स्थिति है, वहां तुरंत टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत और अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी जल्द पूरी करने को कहा गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुख्यमंत्री ने लिखा कि जनहित सर्वोपरि है और भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ काम करना चाहिए।

वहीं, India Meteorological Department ने झारखंड के तीन जिलों गढ़वा, पलामू और चतरा के लिए सोमवार से लू की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 मई से 29 मई के बीच राज्य के कई हिस्सों में गरज, बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के 13 जिलों में 24 और 25 मई को बारिश होने का अनुमान है। वहीं धनबाद समेत कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH