SportsTop News

प्लेऑफ से पहले राजस्थान रॉयल्स की बढ़ी चिंता, चोट से जूझ रहे रवींद्र जडेजा

राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2026 के प्लेऑफ में जगह तो बना ली है, लेकिन टीम के लिए एक बड़ी चिंता सामने आ गई है। स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा पूरी तरह फिट नहीं हैं और चोट के बावजूद खेल रहे हैं। उनकी फिटनेस को लेकर अब टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ गई है।राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमारसंगकारा ने खुलासा किया कि जडेजा पिछले कुछ समय से चोट से जूझ रहे हैं और टीम उन्हें बेहद सावधानी के साथ मैनेज कर रही है। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक बल्लेबाजी करना जडेजा के शरीर पर अतिरिक्त दबाव डालता है, इसलिए उन्हें सीमित भूमिका में इस्तेमाल किया जा रहा है।

मुंबई इंडियंस के खिलाफ अहम मुकाबले में जडेजा ने वापसी की थी। इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर उतरे जडेजा ने 11 गेंदों में 19 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। हालांकि इससे पहले वह लगातार दो मैचों में नहीं खेले थे। वह दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबलों से बाहर रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक जडेजा घुटने और कोहनी की समस्या से परेशान हैं। राजस्थान के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने भी पहले बताया था कि उनके घुटने में हल्की चोट है, जिसके चलते उन्हें आराम दिया गया था।

इस बीच टीम के कप्तान Riyan Parag भी पूरी तरह फिट नहीं हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत के बाद पराग ने स्वीकार किया कि वह चोट के बावजूद टीम के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानसिक मजबूती के दम पर वह मैदान में उतरे और टीम के लिए योगदान दिया। पराग ने जडेजा को लेकर कहा कि उन्हें कुछ छोटी-मोटी दिक्कतें हैं, लेकिन वह एक योद्धा की तरह वापसी करेंगे। अब प्लेऑफ से पहले राजस्थान रॉयल्स की सबसे बड़ी उम्मीद यही होगी कि उनके प्रमुख खिलाड़ी पूरी तरह फिट होकर मैदान पर उतरें। प्लेऑफ में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला 27 मई को हैदराबाद से मुल्लांपुर में होगा।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH