Top NewsUttar Pradesh

यूपी में बिजली संकट पर सख्त हुए CM योगी, शहरों में 24 घंटे और गांवों में 18 घंटे सप्लाई के निर्देश

भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम लोग परेशान हैं। राजधानी लखनऊ समेत कानपुर, बांदा, बरेली, मेरठ, अलीगढ़ और चंदौली सहित 26 से अधिक शहरों और ग्रामीण इलाकों में बिजली संकट गहराया हुआ है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हालात को लेकर सख्त रुख अपनाया है।

रविवार को सीएम योगी ने ऊर्जा विभाग, पावर कॉर्पोरेशन और सभी डिस्कॉम अधिकारियों के साथ हाई-लेवल बैठक की। बैठक में उन्होंने साफ निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे और ग्रामीण इलाकों में कम से कम 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का तुरंत समाधान करने के आदेश भी दिए गए हैं।

बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए सीएम योगी ने सभी उत्पादन इकाइयों को पूरी क्षमता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत करने, फीडर-वार मॉनिटरिंग बढ़ाने और कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने पर भी जोर दिया गया है।

बिजली सप्लाई को लेकर CM योगी के प्रमुख निर्देश

शहरों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए
गांवों में कम से कम 18 घंटे बिजली दी जाए
बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाई जाए
ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत किया जाए
फीडर-वार मॉनिटरिंग की जाए
शिकायतों का तत्काल निपटारा हो

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि आदेशों का पालन न करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले यूपी पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन के कुछ अधिकारियों और गाजियाबाद-मेरठ के इंजीनियरों पर निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है। सीएम योगी के निर्देश के बाद प्रदेश के ऊर्जा मंत्री A. K. Sharma भी सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने लखनऊ स्थित 1912 कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और बिजली उपभोक्ताओं से सीधे बातचीत कर समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।

 

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH