उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर के फाजिल नगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि फाजिल नगर के विधायक द्वारा लंबे समय से नाम परिवर्तन की मांग की जा रही थी, जिसे अब राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब इस क्षेत्र को फाजिल नगर नहीं, बल्कि पावागढ़ के नाम से जाना जाएगा।
कुशीनगर में 424 करोड़ रुपये की लागत वाली 278 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस तरह माफिया राज समाप्त हुआ है, उसी तरह इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी पर भी प्रभावी नियंत्रण किया गया है।
सीएम योगी ने कहा, “हमने मच्छरों और माफिया दोनों को खत्म करने का काम किया है। मच्छर बीमारियां फैलाते थे और माफिया बेरोजगारी तथा भय का माहौल पैदा करते थे। आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास का वातावरण बना है।”
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी शायद उस दौर को नहीं जानती जब प्रदेश के कई हिस्से अपराध, अराजकता और अव्यवस्था से प्रभावित थे। उन्होंने दावा किया कि पहले कुशीनगर सहित पूर्वांचल के कई जिलों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, जबकि आज विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर को अब अपना मेडिकल कॉलेज मिल चुका है। इसके अलावा आगामी शैक्षणिक सत्र से कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का संचालन भी शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में कुशीनगर के लगभग 90 हजार गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं 3.14 लाख से अधिक परिवारों के लिए शौचालयों का निर्माण कराया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर नागरिक तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।




