NationalTop News

VIP मूवमेंट के लिए आधे घंटे जाम में फंसा युवक, प्रेग्नेंट पत्नी के साथ सड़क पर बैठकर जताया विरोध,वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर इन दिनों बेंगलुरु का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक वीआईपी मूवमेंट के कारण लंबे समय तक ट्रैफिक जाम में फंसने के बाद सड़क पर बैठकर विरोध करता नजर आ रहा है। युवक का दावा है कि वह अपनी गर्भवती पत्नी के साथ यात्रा कर रहा था और करीब आधे घंटे तक ट्रैफिक में फंसा रहा।

जानकारी के अनुसार, यह घटना बेंगलुरु के ओल्ड एयरपोर्ट रोड की है। बताया जा रहा है कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत के काफिले के गुजरने के लिए ट्रैफिक रोक दिया गया था। आरोप है कि काफिला एयरपोर्ट से निकलने से पहले ही सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई, जिसके चलते लंबा जाम लग गया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि काफी देर इंतजार करने के बाद युवक का धैर्य जवाब दे गया और वह सड़क पर बैठकर विरोध जताने लगा। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने और सड़क खाली करने की कोशिश की, लेकिन युवक अपनी बात पर अड़ा रहा।

युवक ने पुलिस से कहा कि उसकी पत्नी गर्भवती है और वे जरूरी काम से जा रहे हैं। उसने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या सिर्फ वीआईपी लोगों का समय महत्वपूर्ण है, आम नागरिकों की परेशानी का कोई महत्व नहीं है? इस दौरान पुलिसकर्मी उसे शांत कराने का प्रयास करते रहे और भरोसा दिलाते रहे कि उसकी समस्या भी महत्वपूर्ण है।

काफी देर तक चली बातचीत और बहस के बाद युवक सड़क से उठा। इसके कुछ समय बाद वीआईपी काफिला वहां से गुजरा और यातायात सामान्य किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वीआईपी कल्चर को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। कई लोगों ने आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों पर सवाल उठाए हैं और ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार की मांग की है।

वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, “नेताओं को भी आम लोगों की तरह ट्रैफिक का सामना करना चाहिए, तभी उन्हें जनता की समस्याओं का एहसास होगा।” वहीं एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, “शहरों में वीआईपी कल्चर को खत्म करने की जरूरत है।”फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम लोगों को होने वाली असुविधाओं पर सवाल खड़े कर रहा है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH