NationalTop News

बिहार में सुरक्षा कटौती पर सियासी बवाल: लालू-राबड़ी के बाद तेजस्वी ने भी लौटाई Y+ सुरक्षा, RJD ने सरकार पर साधा निशाना

पटना: बिहार में लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी द्वारा अपने आवास से सुरक्षाकर्मियों को वापस भेजने के बाद अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सरकार की ओर से मिली Y+ श्रेणी की सुरक्षा लौटाने का फैसला किया है।

RJD नेता शक्ति सिंह यादव ने दावा किया कि तेजस्वी यादव ने अपनी सुरक्षा वापस कर दी है। उन्होंने सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि सुरक्षा में कटौती राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि तेजस्वी यादव को कोई नुकसान पहुंचता है तो सरकार को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।

शक्ति सिंह यादव ने आरोप लगाया कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी जैसे पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा में कटौती करना एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने कहा कि पहले आवास को लेकर दबाव बनाया गया और अब पूरे परिवार की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उनके अनुसार, लोकतंत्र में इस तरह की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है।

इससे पहले राबड़ी देवी के पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड आवास से सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया गया था। इसके बाद आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था लगभग नदारद दिखाई दी और मुख्य प्रवेश द्वार पर भी कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था।

दरअसल, हाल ही में गृह विभाग की समीक्षा बैठक में लालू परिवार की सुरक्षा व्यवस्था का पुनर्मूल्यांकन किया गया था। समीक्षा के बाद लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को दी जा रही Z+ श्रेणी की सुरक्षा वापस लेकर बिहार पुलिस की विशेष सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। वहीं तेज प्रताप यादव की सुरक्षा भी घटा दी गई है। पहले उन्हें ‘ए’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी, जिसे कम कर अब केवल एक बॉडीगार्ड तक सीमित कर दिया गया है।

हालांकि, तेजस्वी यादव, उनकी पत्नी राजश्री यादव और सांसद मीसा भारती की सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया था। तेजस्वी यादव को फिलहाल Y+ सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी, जिसे अब उन्होंने लौटाने का निर्णय लिया है। गौरतलब है कि जनवरी में हुई सुरक्षा समीक्षा के दौरान भी तेजस्वी यादव की सुरक्षा श्रेणी को Z से घटाकर Y+ किया गया था। अब सुरक्षा को लेकर शुरू हुआ यह विवाद बिहार की राजनीति में नया मुद्दा बन गया है, जिस पर सत्तापक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH