झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फादर्स डे के अवसर पर अपने परिवार से मिले एक खास उपहार की झलक सोशल मीडिया पर साझा की। मुख्यमंत्री के रूप में राज्य की जिम्मेदारियों के बीच हेमंत सोरेन अपने परिवार और बच्चों के लिए भी समय निकालते हैं। इसी प्यार और सम्मान को उनके बच्चों ने एक अनोखे अंदाज में व्यक्त किया।
फादर्स डे पर हेमंत सोरेन के दोनों बच्चों ने अपने हाथों से एक विशेष पेंटिंग और संदेश तैयार कर उन्हें उपहार में दिया। इस रचनात्मक कलाकृति में गूगल सर्च पेज की तर्ज पर एक सवाल लिखा गया था—”Who is the Best Father?” जिसका जवाब दिया गया था—”The Best Father is Hemant Soren”।
पेंटिंग की खास बात यह रही कि इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का चित्र भी बनाया गया था, जिसने इस उपहार को और अधिक भावनात्मक और आकर्षक बना दिया। बच्चों की इस अनूठी प्रस्तुति को सोशल मीडिया पर भी खूब सराहा जा रहा है।
पिता शिबू सोरेन को भी किया याद
फादर्स डे के मौके पर हेमंत सोरेन ने अपने पिता और झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भी याद किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा, “तपती धूप में बरगद-सी छाया हैं बाबा, संघर्ष की राह में अटूट हौसला हैं बाबा। हमारी सोच, हमारे संस्कार, हमारी पहचान हैं बाबा। एक पिता ही नहीं, पूरे समाज का स्वाभिमान हैं बाबा।”
कल्पना सोरेन ने भी दी शुभकामनाएं
वहीं, मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन ने भी अपने पिता और शिबू सोरेन की तस्वीर साझा करते हुए सभी पिताओं को फादर्स डे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “एक पिता केवल परिवार के मुखिया नहीं होते, वे वह विश्वास होते हैं जो हर कठिन राह को आसान बना देता है। जीवन की हर चुनौती में उनका अनुभव और मार्गदर्शन हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।” कल्पना सोरेन ने सभी पिताओं को फादर्स डे की बधाई देते हुए कहा कि उनका योगदान अनमोल है और समाज के निर्माण में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। फादर्स डे के इस खास मौके पर सोरेन परिवार की ओर से साझा किए गए भावनात्मक संदेश और तस्वीरों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और पिता-पुत्र के रिश्ते की खूबसूरती को एक बार फिर सामने रखा।




