RegionalTop News

तेज प्रताप यादव के घर में 20 लाख की चोरी! PA पर लगाया आरोप, कैश समेत कई कीमती सामान गायब

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (PA) पर लाखों रुपये की चोरी का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने पटना के सचिवालय थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए दावा किया है कि उनके सरकारी आवास से 20 लाख रुपये नकद समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अधिकारियों की टीम तेज प्रताप यादव के आवास पर पहुंचकर पड़ताल कर रही है।

कैश, सोने के गहने और इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब

तेज प्रताप यादव के अनुसार, 22 जून को उनके 42 हार्डिंग रोड स्थित आवास से चोरी की घटना हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके निजी सहायक मोतीलाल राय ने अलमारी से 20 लाख रुपये नकद, 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनोवो लैपटॉप और चार आईफोन प्रो मैक्स मोबाइल फोन चोरी किए हैं। तेज प्रताप का दावा है कि चोरी हुए 20 लाख रुपये उनकी पार्टी के फंड के थे।

ड्राइवर और सहयोगी को बताया चश्मदीद

तेज प्रताप यादव ने पुलिस को बताया कि उनके ड्राइवर और एक अन्य सहयोगी ने देर रात करीब 11:30 बजे मोतीलाल राय को एक बैग लेकर आवास की बाउंड्री फांदकर भागते हुए देखा था। उन्होंने दोनों को इस मामले का प्रत्यक्षदर्शी गवाह बताया है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की जाए।

पहले भी लग चुका है चोरी का आरोप

यह पहली बार नहीं है जब तेज प्रताप यादव ने अपने आवास से चोरी की शिकायत की हो। इससे पहले वर्ष 2022 में भी उन्होंने अपने घर में काम करने वाले एक युवक पर चोरी का आरोप लगाया था। उस समय तेज प्रताप ने पुलिस को बताया था कि चंदन नामक युवक, जो उनके घर की देखरेख करता था, नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गया था। उन्होंने उस पर आईफोन सहित तीन बैग चोरी करने का आरोप लगाया था। फिलहाल पुलिस तेज प्रताप यादव की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अब जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि चोरी की घटना के पीछे क्या सच्चाई है और आरोपों में कितनी तथ्यात्मकता है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH