Top NewsUttar Pradesh

PDA पर फिर छिड़ी सियासत: ओपी राजभर का अखिलेश पर तंज, बोले- भारतीय राजनीति के ‘राजा बाबू’ हैं सपा प्रमुख

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने PDA में ‘A’ के अर्थ को लेकर अखिलेश यादव के हालिया बयान पर सवाल उठाते हुए उन्हें भारतीय राजनीति का “राजा बाबू” करार दिया। दरअसल, हाल ही में अखिलेश यादव ने PDA के ‘A’ को नया अर्थ देते हुए कहा था कि इसका मतलब ‘आदिवासी’ है। इससे पहले वह अलग-अलग मौकों पर ‘A’ का अर्थ ‘अल्पसंख्यक’ और ‘अगड़ा’ भी बता चुके हैं। इसी को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख पर निशाना साधा।

‘PDA की नई-नई व्याख्या कर रहे हैं अखिलेश’

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव लगातार PDA की नई व्याख्याएं कर रहे हैं। कभी ‘A’ का मतलब अल्पसंख्यक बताया जाता है, कभी अगड़ा और अब आदिवासी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें डर है कि कहीं भविष्य में अखिलेश यादव किसी सम्मेलन में यह न कह दें कि PDA का ‘A’ आतंकवादी भी होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान वाराणसी सीरियल ब्लास्ट, लखनऊ और फैजाबाद कोर्ट ब्लास्ट से जुड़े आतंकवाद के आरोपियों के खिलाफ मुकदमे वापस लेने की कोशिश की गई थी। इसी संदर्भ में उन्होंने सपा की राजनीति पर सवाल उठाए।

‘राजा बाबू’ फिल्म से की तुलना

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव की तुलना अभिनेता गोविंदा की चर्चित फिल्म ‘राजा बाबू’ के किरदार से करते हुए कहा कि जिस तरह फिल्म में किरदार अलग-अलग भूमिकाएं निभाता है, उसी तरह अखिलेश यादव भी समय-समय पर अपने राजनीतिक समीकरण और परिभाषाएं बदलते रहते हैं। उन्होंने कहा, “अखिलेश जी की राजनीति देखकर मुझे गोविंदा की फिल्म राजा बाबू याद आती है। सही मायनों में कहा जाए तो वह भारतीय राजनीति के ‘राजा बाबू’ हैं।”

PDA को लेकर बढ़ी राजनीतिक गर्माहट

उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को देखते हुए PDA को लेकर सियासी बहस लगातार तेज होती जा रही है। समाजवादी पार्टी जहां PDA को अपने सामाजिक समीकरण का प्रमुख आधार मान रही है, वहीं भाजपा और उसके सहयोगी दल लगातार इस मुद्दे पर सपा को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। राजभर का यह बयान भी इसी राजनीतिक टकराव का हिस्सा माना जा रहा है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH