Top NewsUttar Pradesh

यूपी बीजेपी संगठन में बड़ा फेरबदल: 19 उपाध्यक्ष और 8 महामंत्री नियुक्त, पूजा पाल और नीरज सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नई टीम की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संगठन की नई सूची जारी की, जिसमें सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश साफ दिखाई दे रही है। नई टीम में 19 प्रदेश उपाध्यक्ष, 8 प्रदेश महामंत्री और 18 प्रदेश मंत्रियों की नियुक्ति की गई है। खास बात यह है कि समाजवादी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुईं विधायक पूजा पाल को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंह को भी प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

19 प्रदेश उपाध्यक्षों की हुई नियुक्ति

बीजेपी की ओर से जारी सूची के अनुसार सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल, देवेश कोरी, प्रियंका रावत, दुर्विजय शाक्य, रमेश सिंह, नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल, शंकर गिरी, कामेश्वर सिंह, डॉ. कृतिका अग्रवाल, सुरेश मौर्य, आलोक गुप्ता, राजेश यादव और कृष्ण बिहारी राय को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। संगठन में ओबीसी, दलित, पिछड़ा और सवर्ण वर्ग सहित विभिन्न सामाजिक समूहों के नेताओं को प्रतिनिधित्व देकर पार्टी ने व्यापक सामाजिक संतुलन बनाने का प्रयास किया है।

आठ नेताओं को बनाया गया प्रदेश महामंत्री

प्रदेश संगठन में आठ नेताओं को महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी शामिल हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी ने संगठन में अनुभवी और क्षेत्रीय प्रभाव रखने वाले नेताओं को महत्वपूर्ण पदों पर स्थान दिया है।

18 प्रदेश मंत्रियों की भी घोषणा

पंकज चौधरी की नई टीम में 18 प्रदेश मंत्रियों को भी जगह दी गई है। इनमें विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, शिवभूषण सिंह, सहजानंद राय, अंकुर शर्मा, अनिल यादव, अवधेश श्रीवास्तव, विजय राजभर और प्रमेन्द्र जांगड़ा विश्वकर्मा समेत कई नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

चुनावी रणनीति के तहत संगठन विस्तार

बीजेपी के इस संगठनात्मक फेरबदल को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी ने विभिन्न जातीय और सामाजिक वर्गों के नेताओं को प्रतिनिधित्व देकर अपने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने की रणनीति अपनाई है। नई टीम के गठन के साथ ही बीजेपी ने चुनावी मोड में उतरने का स्पष्ट संकेत दे दिया है। अब पार्टी संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाकर आगामी चुनावों की तैयारी को और धार देने में जुटेगी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH