Uncategorized

जियो का 10वां बर्थडे: सोशल मीडिया पर ब्रांड्स ने जमकर की पार्टी

मुंबई, 8 सितंबर, 2026: जियो के 10 साल पूरे हुए तो सोशल मीडिया पर बर्थडे विशेज देने के लिए दिग्गज ब्रांड्स की लाइन लग गई। लेकिन यहां मामला सिर्फ ‘हैप्पी बर्थडे’ लिखकर आगे बढ़ जाने का नहीं था। कोई लौकी लेकर पहुंचा, किसी ने केक भेजा, किसी ने 10 साल पुराने रिश्ते की याद दिलाई तो क्रिकेट टीमों ने पूरे दशक को एक लंबी इनिंग्स बना दिया। टेक्नोलॉजी से लेकर OTT, फूड डिलीवरी, पेमेंट और क्रिकेट तक कई बड़े ब्रांड्स ने जियो को अपने ही अंदाज में बधाई दी।

सबसे मजेदार एंट्री प्राइम वीडियो की रही। उसने ‘पंचायत’ के प्रधान जी वाला अंदाज पकड़ा और लिखा, “लौकी नहीं लाए हैं… but 10 साल की wishes जरूर लाए हैं।” जियो भी पीछे नहीं रहा, जवाब आया, “Wishes accepted. Lauki optional.” नेटफ्लिक्स ने अपने अंदाज में 10 साल पुरानी जान-पहचान याद दिलाई। उसने लिखा, “Skip intro, we’ve known each other for 10 years.” जियो ने भी उसी अंदाज में 10 साल को ‘10 seasons’ में बदलते हुए लिखा, “Tudum! 10 seasons of being connected.” वनप्लस ने खुद को जियो का ‘Plus One’ बताया।

जियो के बर्थडे पर खाने-पीने की जिम्मेदारी जोमैटो ने संभाली, लिखा, “sending cake”, और जियो का जवाब था, “Now that was quick.” स्विगी ने तो सीधा ही पूछ लिया, “10 years already? bhai, party?” जवाब में जियो ने कहा, “Bhai, ab toh scene on hai.” यानी बर्थडे जियो का था, लेकिन बातचीत पूरी सोशल मीडिया वाली रही।

क्रिकेट आया तो भाषा भी बदल गई। कोलकाता नाइट राइडर्स ने इसे “Besh bhalo innings” कहा, दिल्ली कैपिटल्स ने लिखा, “Dilli se hai, toh dil se hai.” पंजाब किंग्स के लिए यह ‘King-sized innings’ थी, राजस्थान रॉयल्स ने ‘Halla Bol’ किया और RCB ने 10 साल को ‘playing bold, breaking barriers and setting benchmarks’ से जोड़ा। बर्थडे यहां देखते-देखते क्रिकेट की कमेंट्री में बदल गया।

दिलचस्प बात यह भी रही कि जश्न सिर्फ consumer brands तक नहीं रुका। सैमसंग नेटवर्क्स, सिस्को, एरिक्सन, क्वालकॉम और HFCL जैसे टेक्नोलॉजी और नेटवर्क से जुड़े नाम भी बातचीत में शामिल हुए। वहीं शाओमी, ओप्पो, वीवो और मोटोरोला जैसे स्मार्टफोन ब्रांड्स से लेकर पेटीएम, फोनपे और मोबिक्विक जैसे पेमेंट प्लेटफॉर्म और यात्रा से जुड़े ब्रांड्स तक ने अपने-अपने कारोबार की भाषा में 10 साल की कहानी जोड़ी। इससे सोशल मीडिया की यह महफिल जियो से जुड़े एक बड़े डिजिटल कारोबारी दायरे की झलक भी बन गई।

इन पोस्ट्स की खास बात शायद यही थी कि ब्रांड्स ने बधाई देते वक्त अपनी पहचान नहीं छोड़ी। प्राइम वीडियो ने अपना किरदार पकड़ा, नेटफ्लिक्स ने अपनी भाषा, फूड ऐप्स ने पार्टी और केक, ट्रैवल कंपनियों ने सफर और क्रिकेट टीमों ने इनिंग्स। सोशल मीडिया पर कंपनियां अब सिर्फ कॉरपोरेट संदेश नहीं देतीं, वे अपने ब्रांड की personality के साथ बातचीत करती हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH