Top NewsUttar Pradesh

कन्नौज के इत्र की खुशबू से महका ट्रेड शो, पांचवीं पीढ़ी ने संभाली विरासत

कन्नौज के इत्र की पहचान अब पारंपरिक खुशबू की सीमाओं से आगे बढ़कर आधुनिक पसंद और प्राकृतिक जीवनशैली से जुड़ रही है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में कन्नौज की इसी सुगंधित विरासत की झलक देखने को मिल रही है। वर्ष 1907 से सुगंध की परंपरा को संजो रहे पारंपरिक एवं प्राकृतिक उत्पाद ट्रेड शो में लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।

कन्नौज की सुगंध परंपरा से जुड़ी पांचवीं पीढ़ी अब विरासत में मिले पारंपरिक इत्र को बदलती उपभोक्ता पसंद और प्राकृतिक जीवनशैली के अनुरूप प्रस्तुत कर रही है। यहां गुलाब जल, पंचपुष्प जल, पंचपुष्प अत्तर, पारंपरिक अत्तर और एसेंशियल ऑयल्स की श्रृंखला मौजूद है। इसके साथ ऑर्गेनिक हेयर एवं स्किन केयर उत्पाद तथा अरोमाथेरेपी आधारित सेल्फ-केयर गिफ्ट बॉक्स भी प्रदर्शित किए गए हैं। इस तरह एक ही मंच पर पारंपरिक इत्र निर्माण की विरासत और आधुनिक प्राकृतिक उत्पादों का मेल देखने को मिल रहा है।
अमरनाथ मिश्रा एंड कंपनी के प्रमुख अमिताभ मिश्रा ने बताया कि उत्पाद तैयार करने में प्राकृतिक और ऑर्गेनिक फॉर्मुलेशन का विशेष ध्यान दिया जाता है। कंपनी की पार्टनर डॉ. रत्ना मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयास से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के आयोजन में उन्हें शामिल होने का मौका मिला। इसके साथ ही बी2बी ग्राहकों से जुड़ने और नए व्यावसायिक अवसर की संभावना काफी बढ़ गई है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH