NationalTop News

राजस्थान में बड़ा हादसा: सड़क निर्माण के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आई मशीन, 8 मजदूरों की मौत, गांव में मचा हड़कंप

राजस्थान के झुंझुनू जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूरों के झुलसने की खबर है। हादसा उस वक्त हुआ, जब सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं, मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?

पुलिस के मुताबिक, झुंझुनू जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। बताया जा रहा है कि बिजली की लाइन 11 हजार वोल्ट की थी। तार के संपर्क में आते ही मशीन में तेज करंट फैल गया और उसके आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 8 मजदूरों की जान चली गई। वहीं, कई अन्य लोगों के झुलसने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।

हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा, धरने पर बैठे लोग

इस दर्दनाक घटना के बाद छापोली गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने घटना के विरोध में धरना शुरू कर दिया है। मौके पर पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा और पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी भी पहुंचे। ग्रामीणों में हादसे को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया दुख, अधिकारियों को दिए निर्देश

झुंझुनू हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए मृतक मजदूरों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने हादसे की जांच कराने को भी कहा है।

अशोक गहलोत ने भी जताई संवेदना

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

बिजली लाइनों के पास सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

सड़क निर्माण के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर हाईटेंशन लाइन के इतने करीब मशीन से काम कैसे कराया जा रहा था? क्या निर्माण स्थल पर जरूरी सुरक्षा उपाय किए गए थे? हादसे की जांच के बाद ही इन सवालों के जवाब सामने आ सकेंगे। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। इस हादसे ने एक साथ आठ परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH