NationalTop News

मौसम का बदला मिजाज! दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, UP में भी अगले 5 दिन सक्रिय रहेगा मॉनसून

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 अगस्त तक बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी व्यापक बारिश का अनुमान है।

UP में अगले कई दिनों तक बारिश

पूर्वी उत्तर प्रदेश में मॉनसून की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। वाराणसी, गाजीपुर, मिर्जापुर, चंदौली, प्रतापगढ़ और कौशांबी समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ वज्रपात की भी आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर बना रहेगा।

दिल्ली-NCR में बादल, बारिश के आसार

दिल्ली-NCR में 20 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी मौसम बदल सकता है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, 20 अगस्त को दिल्ली-NCR में बारिश का प्रभाव पूर्वी उत्तर प्रदेश और पहाड़ी राज्यों की तुलना में सीमित रहने की संभावना है।

उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड में 23 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। IMD ने 18 से 23 अगस्त के बीच राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।

हिमाचल में भी बारिश का दौर जारी

हिमाचल प्रदेश में 19 से 21 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। IMD के अनुसार, हिमाचल में 17 से 23 अगस्त तक व्यापक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।  मौसम विभाग ने लोगों से बारिश और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम की स्थिति देखकर ही सफर करने की सलाह दी गई है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH