Top NewsUttar Pradesh

उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल: आठ वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले

उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए आठ वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इन तबादलों से नियोजन, परिवहन, पर्यटन, शहरी विकास और वक्फ सहित कई विभागों में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सबसे बड़ा बदलाव नियोजन विभाग में किया गया है। सेल्वा कुमारी जे., जो अब तक नियोजन विभाग की सचिव और अर्थ एवं संख्या की महानिदेशक थीं, उन्हें प्राविधिक शिक्षा विभाग का सचिव और प्राविधिक शिक्षा की महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं समीर वर्मा, जो प्रतीक्षारत थे, अब नियोजन विभाग के सचिव और अर्थ एवं संख्या के महानिदेशक का कार्यभार संभालेंगे।

प्रभु नारायण सिंह, जो प्रतीक्षा सूची में थे, को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। इससे पहले इस पद पर कार्यरत मासूम अली सरवर को अब उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।पर्यटन विभाग में भी बदलाव किया गया है। आशीष कुमार, जो स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग में विशेष सचिव और अपर महानिरीक्षक (निबंधन) थे, अब उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक होंगे।

शहरी विकास विभाग में भी तबादले किए गए हैं। कानपुर नगर के नगर आयुक्त सुधीर कुमार को स्थानांतरित कर स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग में विशेष सचिव और अपर महानिरीक्षक (निबंधन) बनाया गया है। उनकी जगह अर्पित उपाध्याय, जो अब तक रायबरेली में मुख्य विकास अधिकारी थे, को कानपुर नगर का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।अंजुलता, जो मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की सचिव थीं, अब रायबरेली की मुख्य विकास अधिकारी होंगी।सरकारी सूत्रों के अनुसार, इन तबादलों का उद्देश्य शासन-प्रशासन को अधिक कुशल और प्रभावी बनाना है ताकि राज्य में विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों के क्रियान्वयन में तेजी लाई जा सके।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH