NationalTop News

अहमदाबाद प्लेन क्रैश: 31 परिजनों का हुआ डीएनए मैच, 12 शव परिजनों को सौंपे गए

अहमदाबाद। गुजरात में हुए भीषण विमान हादसे के बाद राहत और पुनर्वास कार्य लगातार जारी है। अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. रजनीश पटेल ने रविवार को बताया कि अब तक 31 मृतकों के डीएनए सैंपल का सफलतापूर्वक मिलान किया जा चुका है, जिनमें से 12 शव उनके परिजनों को सौंपे जा चुके हैं।

डॉ. पटेल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए एक व्यवस्थित अभियान चलाया गया है। प्रत्येक मृतक के परिवार के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है, जिसमें एक वरिष्ठ अधिकारी, एक पुलिसकर्मी और एक मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ (काउंसलर) शामिल हैं, ताकि परिजनों को हरसंभव सहायता मिल सके।

गौरतलब है कि 12 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर शामिल थे। दुर्भाग्यवश, इस भयावह दुर्घटना में सिर्फ एक व्यक्ति जीवित बच पाया, जबकि बाकी सभी की मौत हो गई।

राज्य और केंद्र सरकारों द्वारा हादसे की जांच और पीड़ित परिवारों की मदद के लिए कई स्तरों पर कार्य किए जा रहे हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH