दिवाली से पहले दिल्ली-NCR की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है. राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है. हालात ऐसे हैं कि लोगों को सांस लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया है. सात से अधिक इलाकों में हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच चुकी है. बिगड़ते हालात को देखते हुए पहले ही ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का दूसरा चरण लागू किया जा चुका है.
पंजाबी बाग में सबसे ज्यादा प्रदूषण, AQI 446 तक पहुंचा
CPCB के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में पंजाबी बाग सबसे ज्यादा प्रदूषित इलाका दर्ज किया गया है. यहां AQI 446 तक पहुंच गया. इसके बाद नरेला में 434 और रोहिणी में 431 का स्तर रिकॉर्ड किया गया. वहीं, आरके पुरम में AQI 416, बवाना में 412 और दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस में 408 दर्ज हुआ. इसके अलावा पटपड़गंज में वायु गुणवत्ता सूचकांक 405 और AIIMS के आसपास 402 रिकॉर्ड किया गया. इन सभी इलाकों में हवा गंभीर श्रेणी में बनी हुई है. लगातार बढ़ते प्रदूषण ने राजधानी के लोगों की चिंता बढ़ा दी है.
इंडिया गेट से ITO तक हवा बेहद खराब
दिल्ली के अन्य इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है. ओखला फेज-2 और इंडिया गेट में AQI 399 दर्ज किया गया. वहीं, ITO में 397 और द्वारका सेक्टर-8 में 396 का स्तर रहा. चांदनी चौक में AQI 356 और वसुंधरा एन्क्लेव में 330 रिकॉर्ड किया गया. आनंद विहार में यह आंकड़ा 293 रहा, जबकि IMD के लोधी रोड स्टेशन पर AQI 268 दर्ज किया गया. इन इलाकों में भी हवा खराब श्रेणी में बनी हुई है.
प्रदूषण रोकने के लिए GRAP-2 लागू, गाजीपुर बॉर्डर पर चेकिंग
दिल्ली में लगातार बिगड़ती हवा की गुणवत्ता को देखते हुए प्रदूषण नियंत्रण के लिए GRAP के दूसरे चरण के प्रतिबंध लागू किए गए हैं. इसके तहत प्रदूषण कम करने के लिए कई तरह के उपाय किए जा रहे हैं. वाहनों से होने वाले उत्सर्जन पर नियंत्रण रखने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है. इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस ने गुरुवार सुबह गाजीपुर बॉर्डर पर वाहनों की जांच शुरू की. दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों पर नजर रखी जा रही है. दिवाली से पहले प्रदूषण का स्तर बढ़ने से प्रशासन के सामने हवा की गुणवत्ता सुधारने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है.




