NationalTop News

दिल्ली में फिर बम की धमकी: लाल किले को उड़ाने की कॉल से मचा हड़कंप, जांच में निकला फर्जी अलर्ट

राजधानी दिल्ली में एक बार फिर बम की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं। शनिवार को लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी भरी कॉल मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने दिल्ली पुलिस को अलर्ट किया, जिसके बाद नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। हालांकि, जांच और तलाशी के बाद पुलिस ने इस कॉल को फर्जी करार दिया।

मुंबई पुलिस से दिल्ली पुलिस तक पहुंची सूचना

धमकी भरी कॉल सबसे पहले मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को मिली थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने तत्काल दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए पूरे इलाके की जांच की, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

एक दिन पहले सचिवालय को भी मिली थी धमकी

इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय और लाल किले को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। दिल्ली सचिवालय को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई थी, जिसके बाद फायर विभाग, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया।दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिलने के बाद टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन जांच में कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।

स्कूलों को भी मिल चुके हैं धमकी भरे ईमेल

हाल के दिनों में दिल्ली के दो स्कूलों को भी बम की धमकी वाले ईमेल मिले थे। सूचना के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली थी। जांच के दौरान वहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और धमकियां फर्जी साबित हुईं।

लाल किला विस्फोट मामले में NIA की जांच जारी

इसी बीच, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पिछले वर्ष लाल किला क्षेत्र में हुए कार बम विस्फोट मामले में अदालत में फोरेंसिक रिपोर्ट दाखिल की है। अदालत अब रिपोर्ट की समीक्षा करेगी और आगे की कार्रवाई पर फैसला लेगी। साथ ही, मामले में गिरफ्तार नौ आरोपियों की न्यायिक हिरासत 13 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। NIA इससे पहले इस मामले में 7,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। हाल ही में एजेंसी ने तीन और आरोपियों के खिलाफ पूरक चार्जशीट भी पेश की है, जिसमें एक फरार बाल रोग विशेषज्ञ (पीडियाट्रिशियन) का नाम भी शामिल है। इसके साथ ही इस मामले में चार्जशीट किए गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। फिलहाल, शनिवार को मिली ताजा धमकी को पुलिस ने फर्जी बताया है, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH