SportsTop News

अर्जुन तेंदुलकर का ऑलराउंड धमाका, 3 विकेट और तूफानी अर्धशतक से टीम को दिलाई शानदार जीत

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए T20 मुंबई लीग 2026 के मुकाबले में अर्जुन तेंदुलकर ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम ARCS अंधेरी को यादगार जीत दिलाई। गेंद और बल्ले दोनों से कमाल दिखाते हुए अर्जुन ने मैच का रुख एकतरफा कर दिया और टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो साबित हुए।

बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ मुकाबले में पहले गेंदबाजी करते हुए ARCS अंधेरी ने विरोधी टीम को 20 ओवर में 144 रन पर 9 विकेट के नुकसान तक सीमित रखा। इस दौरान अर्जुन तेंदुलकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 3 ओवर के स्पेल में महज 11 रन खर्च करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनकी सटीक और किफायती गेंदबाजी के सामने विपक्षी बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सके।

145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अंधेरी की टीम को अर्जुन ने बल्लेबाजी में भी मजबूत शुरुआत दिलाई। नंबर-3 पर उतरते हुए उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और बांद्रा के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। अर्जुन ने 34 गेंदों में 66 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 5 शानदार छक्के शामिल थे। उन्होंने केवल 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को 13.5 ओवर में ही 9 विकेट से जीत दिला दी।

अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अर्जुन तेंदुलकर को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मैच के बाद ड्रेसिंग रूम में टीम के कप्तान शिवम दुबे ने उनकी जमकर सराहना की। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अर्जुन की खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दे रहा है।

गौरतलब है कि IPL 2026 में अर्जुन को ज्यादा अवसर नहीं मिले थे। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए केवल एक मुकाबला खेला, जिसमें पंजाब किंग्स के खिलाफ 4 ओवर में 36 रन देकर प्रभसिमरन सिंह का अहम विकेट हासिल किया था। हालांकि, T20 मुंबई लीग में उन्हें लगातार मौके मिल रहे हैं और वह अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH