लखनऊ में परीक्षा देने निकली दो युवतियों के साथ दरिंदगी की कोशिश करने वाले ऑटो चालक को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने चारबाग बस अड्डे से दोनों युवतियों को अपने ऑटो में बैठाया और उन्हें सुनसान इलाके में ले जाकर जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने दोनों के साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गईं।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान हसीब के रूप में हुई है, जो हरदोई जिले के कछौना थाना क्षेत्र के मिर्जानपुर गांव का निवासी है। फिलहाल वह लखनऊ के पारा इलाके में रह रहा था। बताया जा रहा है कि 7 जून की सुबह दोनों युवतियां परीक्षा देने जा रही थीं। इसी दौरान चारबाग बस अड्डे के पास आरोपी ने उन्हें आलमबाग छोड़ने का झांसा देकर ऑटो में बैठा लिया।
आरोप है कि रास्ते में वह ऑटो को पारा थाना क्षेत्र स्थित रामलीला ग्राउंड के पास सुनसान जगह पर ले गया और दोनों युवतियों के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। युवतियों के विरोध करने पर उसने उनके साथ मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया। किसी तरह पीड़िताएं वहां से निकलकर पुलिस तक पहुंचीं और घटना की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी के ऑटो को घेरने का प्रयास किया, लेकिन गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2024 में हरदोई के संडीला क्षेत्र में भी उस पर एक महिला को ऑटो में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा था, जिसके मामले में वह जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।




