ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ आगामी सीमित ओवरों की सीरीज के लिए अपनी टीमों का ऐलान कर दिया है। चयन में सबसे बड़ी बात यह रही कि टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड को टीम में जगह नहीं दी गई है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज और बांग्लादेश दौरे के लिए वनडे और टी20 टीमों की घोषणा की है। चयनकर्ताओं ने इस बार कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है। अंडर-19 स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले लियाम स्कॉट और ओलिवर पीक को भी टीम में शामिल किया गया है।
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 30 मई से होगी। माना जा रहा है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम इसी सीरीज से क्रिकेट विश्व कप 2027 की तैयारियों का आगाज करेगी। इसके बाद टीम बांग्लादेश दौरे पर जाएगी, जहां तीन वनडे और तीन टी20 मुकाबले खेले जाएंगे।
तेज गेंदबाजों की गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी मिचेल मार्श को सौंपी गई है। वहीं टी20 टीम से विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल को बाहर रखा गया है, जिसने सभी को चौंकाया है। माना जा रहा है कि पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड को आराम दिया गया है और वे आगामी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप मुकाबलों में टीम के साथ वापसी करेंगे।
पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम में मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमन, मार्नस लाबुशेन, रिले मेरेडिथ, ओलिवर पीक, मैथ्यू रेनशॉ, तनवीर संघा, लियाम स्कॉट, मैट शॉर्ट, बिली स्टैनलेक और एडम जेम्पा को शामिल किया गया है। बांग्लादेश दौरे के लिए वनडे टीम में ट्रेविस हेड, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस और जेवियर बार्टलेट जैसे खिलाड़ियों को भी मौका मिला है। वहीं टी20 टीम में टिम डेविड, एरॉन हार्डी, स्पेंसर जॉनसन और जोश फिलिप जैसे खिलाड़ी शामिल किए गए हैं।
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे 30 मई को रावलपिंडी में खेला जाएगा। दूसरा और तीसरा मुकाबला 2 और 4 जून को लाहौर में आयोजित होगा। इसके बाद बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज 9 जून से ढाका में शुरू होगी। वहीं टी20 सीरीज के मुकाबले 17 जून से चटगांव में खेले जाएंगे।




