बांदा। उप्र के बांदा जनपद में आज गुरुवार की दोपहर बड़ा नाव हादसा हो गया। बांदा के मर्का थाना क्षेत्र में यमुना नदी की बीच धारा में एक नाव डूब गई। नाव में 30 से अधिक लोग सवार थे। चार लोग किसी तरह तैरकर निकल आए। नाव और बाकी लोगों का कोई पता नहीं चला है।
एसडीआरएफ की टीमों के साथ स्थानीय गोताखोर लोगों की तलाश में लगाए गए हैं। दो लोगों की लाश मिल गई है। बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के कारण बड़ी संख्या में महिलाएं औऱ बच्चे नाव पर सवार थे। सीएम योगी ने हादसे का संज्ञान लेकर अधिकारियों को मौके पर भेजा है।
बताया जा रहा है कि मर्का से फतेहपुर, प्रयागराज लोग यमुना नदी पारकर आते-जाते हैं। एकमात्र साधन नाव है। उसमें 30 से 40 सवार लोग एक बार नदी के एक ओर से दूसरी ओर ले जाए जाते हैं। गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे मर्का से नाव में 30 से अधिक लोग सवार होकर फतेहपुर की ओर जा रहे थे। पानी का बहाव तेज होने से नाव बीच मझधार में अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव में सवार सभी लोग डूब गए। जिसमें से चार लोग तैरकर बाहर निकल आए। बाकी की तलाश जारी है।




