InternationalTop News

पाकिस्तान में दोहरे बम धमाकों से दहला बन्नू, 7 लोगों की मौत, राहत कार्य में जुटे लोगों को भी बनाया निशाना

पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में शनिवार को हुए दो सिलसिलेवार बम धमाकों ने इलाके को दहला दिया। सड़क किनारे लगाए गए विस्फोटकों से हुए इन धमाकों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पहला धमाका बन्नू जिले के मार्का बेरा इलाके में हुआ, जहां सड़क किनारे लगाए गए एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) ने एक यात्री वैन को अपनी चपेट में ले लिया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि वैन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

राहत कार्य के दौरान हुआ दूसरा विस्फोट

पहले धमाके के बाद जब स्थानीय लोग और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे, तभी कुछ देर बाद उसी स्थान पर दूसरा विस्फोट हुआ। पुलिस के अनुसार, यह धमाका राहत और बचाव कार्य में जुटे लोगों को निशाना बनाकर किया गया था। दूसरे विस्फोट में दो और लोगों की जान चली गई, जबकि एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। बन्नू के जिला पुलिस अधिकारी (DPO) यासिर अफरीदी ने बताया कि घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

हाथी खेल गांव से बन्नू जा रही थी वैन

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस यात्री वैन को निशाना बनाया गया वह हाथी खेल गांव से बन्नू शहर की ओर जा रही थी। रास्ते में सड़क किनारे लगाए गए विस्फोटक के फटने से यह हादसा हुआ।घटना के बाद पुलिस, सुरक्षा बलों और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने इलाके को सील कर दिया है। जांच टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। फिलहाल किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने घटना की गहन जांच के निर्देश दिए हैं और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बेहद दुखद और मानवता को झकझोर देने वाली घटना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रांतीय सरकार घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता करेगी।फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे शामिल तत्वों का पता लगाने में जुटी हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH