City NewsRegional

बिहार: मधेपुरा डीएम की कार ने चार को कुचला, मां-बेटी की मौत

मधुबनी| बिहार के मधुबनी में मंगलवार की सुबह मधेपुरा डीएम की गाड़ी ने फुलपरास पुरवारी टोला के पास एक महिला और बच्ची समेत चार लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में मां और बच्ची की मौत हो गई है जबकि दो घायल मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ जुटने से पहले डीएम और उनके चालक घटना स्थल से फरार हो गए। गाड़ी फिलहाल वहीं खड़ी है।

बताया जाता है कि डीएम की गाड़ी दरभंगा से मधेपुरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना से आक्रोशित हुए लोग एनएच-57 को जाम करने के बाद हंगामा करने लगे। लोगों ने डीएम की गाड़ी को घेर लिया। गाड़ी में तोड़फोड़ करने लगे। फुलपरास थाना के पास फोरलेन पर यह दुर्घटना हुई है। घटना के बाद मधेपुरा के जिलाधिकारी की गाड़ी घटनास्थल पर ही खड़ी रही लेकिन चालक समेत सवार लोग फरार हो गए।

बता दें कि मधेपुरा के वर्तमान डीएम विजय प्रकाश मीणा हैं। बताया जाता है कि सुबह में एनएचएआई के कर्मी सड़क पर सफेद पट्टी पेंट कर रहे थे। अचानक एक महिला और एक बच्चा सड़क पर आ गए। उन्हें बचाने के लिए डीएम की गाड़ी के ड्राइवर ने पूरी कोशिश की लेकिन यह घटना हो गई। डीएम की गाड़ी में मधेपुरा के डीएम थे या नहीं इसकी पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार गाड़ी में डीएम भी थे। घटना के बाद पुलिस समेत वरीय पदाधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH