NationalTop News

बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना कहा – दिल्ली में बड़े पैमाने पर हुआ भ्रष्टाचार

नई दिल्ली। दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदान किया जाएगा। वहीं 8 फरवरी को चुनाव के परिणाम घोषित होंगे। इस बीच भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी पर दिल्ली में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करने और कुशासन का आरोप लगाया है। अनुराग ठाकुर शुक्रवार के दिन मुस्तफाबाद और घोंडा निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार करने पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल की सरकार ने अपनी पार्टी के नेताओं को दिल्ली को लूटने की खुली छूट दे दी है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में अनेक घोटाले हुए हैं।

अनुराग ठाकुर ने ‘आप’ पर साधा निशाना

उन्होंने आरोप लगाते हुए दिल्ली जल बोर्ड, कक्षा निर्माण परियोजनाओं, शराब नीति, दिल्ली परिवहन निगम और हवाला लेन-देन में कथित अनियमितताओं का हवाला दिया। उन्होंने कहा, शीश महल से लेकर शराब घोटाले तक आम आदमी पार्टी की सभी भ्रष्ट गतिविधियां कैग रिपोर्ट में उजागर हुई हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री आम आदमी पार्टी पर अपने वादे पूरे करने में विफल रहने का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी ने स्कूलों के बजाय शराब की दुकानें बनवाईं। बता दें कि इस चुनाव में भाजपा, कांग्रेस दोनों ही पार्टियां आम आदमी पार्टी पर जोरदार हमला करने में जुटी हुई हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH