National

बीजेपी सांसद हरद्वार दुबे का निधन, सीएम योगी ने जताया दुःख

नई दिल्ली। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य हरद्वार दुबे का निधन हो गया है। वो 74 वर्ष के थे। तबियत खराब होने के बाद वो दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

हरद्वार दुबे जनसंघ जमाने के नेता थे। आगरा में उन्होंने बीजेपी की जड़ें जमाने में अहम भूमिका निभाई थी। सांसद के निधन पर पार्टी नेता समेत बड़ी संख्या में लोग शोक जता रहे हैं। हरद्वार दुबे के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने बीजेपी नेता के निधन को बेहद दुखद बताया।

ट्विटर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार हरद्वार दुबे का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के साथ संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत पुण्य आत्मा को प्रभु श्री राम के चरणों में जगह देने और शोकाकुल परिजनों को अथाह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

हरद्वार दुबे मूल रूप से बलिया जिले के रहनेवाले थे। उनका जन्म 1 जुलाई, 1949 को बलिया के हुसैनाबाद में हुआ था. 1969 में आगरा आने के बाद उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का नेतृत्व किया। हरद्वार दुबे को एबीवीपी में संगठन मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। 1989 में आगरा छावनी से बीजेपी के टिकट पर विधायक चुने गए। 1991 में दोबारा चुनाव जीतक कल्याण सिंह की सरकार में वित्त राज्यमंत्री बनाए गए।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH