NationalTop News

राजस्थान निकाय चुनाव में BSP की 19 सीटों पर जीत, मायावती ने दी बधाई, बोलीं – सरकारी मशीनरी की गड़बड़ी से हारे उम्मीदवार

नई दिल्ली: राजस्थान के निकाय चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की है। नतीजों के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने विजयी उम्मीदवारों और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। हालांकि, उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल भी उठाए। मायावती का दावा है कि कुछ बसपा उम्मीदवारों को दोबारा मतगणना के दौरान मामूली अंतर से हराया गया, जिसके पीछे उन्होंने सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। मायावती ने कहा कि अगर मतगणना में गड़बड़ी नहीं होती तो राजस्थान में बसपा का प्रदर्शन और बेहतर हो सकता था। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनाव में मेहनत के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

‘दोबारा गिनती में थोड़े वोटों के अंतर से हराया’

मायावती ने कहा कि राजस्थान के निकाय चुनाव में बसपा ने अपने 19 पार्षद जिताए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई अन्य बसपा प्रत्याशी दोबारा मतगणना के दौरान कम अंतर से चुनाव हार गए। मायावती के मुताबिक, अगर ऐसा नहीं होता तो पार्टी को राज्य में और बेहतर परिणाम मिल सकता था। बसपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी के छोटे-बड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब समेत देश के कुछ अन्य राज्यों में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भी बसपा का प्रदर्शन पहले के मुकाबले बेहतर रहा है। मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में इसी तरह मेहनत जारी रखने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनाव में भी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।

राजस्थान में BJP सबसे आगे, कांग्रेस दूसरे नंबर पर

राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक राजस्थान निकाय चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। बीजेपी ने कुल 4,179 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस के खाते में 3,613 सीटें गई हैं। अन्य दलों की बात करें तो आम आदमी पार्टी ने 42, भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) ने 8, CPI(M) ने 38, निर्दलीय उम्मीदवारों ने 2,273 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने 63 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं NPP अपना खाता भी नहीं खोल सकी।

CM भजनलाल शर्मा ने जनता का जताया आभार

बीजेपी की जीत के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राजस्थान की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव का जनादेश बीजेपी की विकास की सोच, सुशासन और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता पर जनता के भरोसे को दिखाता है। मुख्यमंत्री ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को जीत के लिए बधाई देते हुए कहा कि पार्टी आगे भी इसी भावना के साथ जनता की सेवा के लिए काम करती रहेगी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH