addhyatamTop NewsUttarakhand

भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चार धाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित, मौसम सुधरने पर होगा अगला फैसला

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चार धाम यात्रा को फिलहाल दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मंगलवार और बुधवार को यात्रा पर रोक लगाने का फैसला लिया है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त ने बताया कि चार धाम यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने से रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन परिस्थितियों को देखते हुए एहतियातन यात्रा स्थगित की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही मौसम सामान्य होगा और यात्रा मार्ग सुरक्षित घोषित किए जाएंगे, चार धाम यात्रा दोबारा शुरू कर दी जाएगी। श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

क्या है चार धाम यात्रा?

चार धाम यात्रा की शुरुआत सामान्यतः हरिद्वार या ऋषिकेश से होती है। इस धार्मिक यात्रा में श्रद्धालु क्रमशः यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के दर्शन करते हैं। यात्रा प्रत्येक वर्ष गर्मियों में शुरू होती है और शीतकाल में भारी बर्फबारी के कारण धामों के कपाट बंद होने तक जारी रहती है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH