RegionalTop News

सीएम भगवंत मान ने लुधियाना पश्चिमी उपचुनाव की संभाली कमान, लगातार कर रहे है बैठकें और सभाएं

लुधियाना पश्चिमी उपचुनाव को लेकर प्रचार का समय करीब एक सप्ताह रह गया है। ऐसे में राजनीतिक गर्मी चरम सीमा पर है। सीएम भगवंत सिंह मान ने आप की तरफ से चुनाव की कमान खुद संभाल रखी है। वह लगातार हलका पश्चिमी में बैठकें और सभाएं कर रहे हैं। इतना ही नहीं वह इस दौरान विपक्षियों पर खूब बरस रहे हैं। खासकर वह कांग्रेस के पंजाब वर्किंग प्रधान और उम्मीदवार भारत भूषण आशु को आड़े हाथ ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि आशु का अहंकार और गुस्सा चरम पर है। अगर अभी उनका यही रवैया है तो विधायक बनकर क्या करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार हमारी है। अगर वे जीत भी गए तो अगले डेढ़ साल मुझे गालियां देने में बिताएंगे, इससे जनता को क्या हासिल होगा। जब वे मंत्री थे तब उन्होंने लोगों को अपमानित करने के अलावा कुछ नहीं किया। सीएम मान ने यहां तक कह दिया कि पूर्व विधायक गुरप्रीत गोगी की जब मौत हुई थी उसी दिन विरोधियों ने उपचुनाव की बैठकें शुरू कर दी थी। चुनाव आते-जाते रहते हैं लेकिन भगवान के पास गया इंसान वापस नहीं आता। विरोधियों के पास अहंकार है।

सीएम मान ने पिछले तीन दिनों के दौरान हलका पश्चिमी के कई इलाकों में धुआंधार प्रचार किया और संजीव अरोड़ा के हक में वोट मांगे। सीएम मान ने जहां पंजाब सरकार की उपलब्धियां गिनाई वहीं कांग्रेस पर भी खूब कटाक्ष किए। मान ने कहा कि विपक्ष चुनाव प्रचार भी अहंकार से करता है, जबकि हम प्यार और सम्मान से वोट मांगते हैं। सच तो यह है कि पहले उन्हें चुनना मजबूरी थी, लेकिन अब लोगों के पास ईमानदार विकल्प मौजूद आप उम्मीदवार मौजूद है। मान ने मतदाताओं से ऐसे उम्मीदवार को चुनने का आग्रह किया जो पार्टी के अंदरूनी झगड़ों में उलझने के बजाय लोगों की समस्याओं को सुलझाए। मान ने कहा कि लोग दूसरे उम्मीदवारों की तस्वीरें भी मत देखिए, उनका भ्रष्टाचार आपको अंधा कर देगा। ये वही लोग हैं जिन्होंने सालों तक पंजाब को लूटा है। अब फैसला लोगों को करना है कि वह अपमानित होना चाहते है या फिर सम्मान चाहते हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH