देहरादून। NEET री-टेस्ट को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया पर सरकार की लगातार नजर बनी हुई है और किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सभी अभ्यर्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पूर्ण विश्वास और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने पहुंचें। परीक्षा की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक भी की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि परीक्षा निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो, जिससे अभ्यर्थियों का विश्वास बना रहे। मुख्यमंत्री ने परीक्षार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।धामी ने भरोसा दिलाया कि परीक्षा प्रक्रिया की सतत निगरानी की जा रही है और सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।




