RegionalTop News

सीएम नीतीश कुमार ने कैबिनेट बैठक में पेश हुए 34 प्रस्तावों पर लगाई मुहर

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज मंत्रिमंडल कैबिनेट की बैठक संपन्न हो गई। सचिवालय स्थित कैबिनेट हॉल में हुई बैठक में मुख्यमंत्री 34 एजेंडों पर मुहर लगा दी। नीतीश सरकार ने नौकरी को लेकर किए गए अपने वादे की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। बैठक में कई बड़े विभागों में नए पदों को स्वीकृति दी गई है।

इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान जो घोषणाएं की थी, उस पर स्वीकृति लगा दी। यानी अब राज्य के आठ जिलों (मधुबनी, गोरौल, शाम्हों, इमामगंज, अधौरा, कटोरिया, असरगंज और चकाई) में नए डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। इन कॉलेजों के लिए कुल 526 पदों को मंजूरी दी गई है। इनमें से 422 पद शिक्षक वर्ग के होंगे (हर कॉलेज में एक प्रधानाचार्य) और 104 पद गैर-शिक्षक (शिक्षकेत्तर) स्टाफ के होंगे।

वहीं नगर विकास विभाग में एकीकृत शहरी अभियंत्रण संगठन के 71 कार्यालय के सुचारू रूप से संचालन के लिए 663 विभिन्न कोटि के गैर तकनीकी पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा महाधिवक्ता कार्यालय में 34 स्थाई पद तथा संविदा आधारित छह पद समेत 40 पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई है। पशु चिकित्सा सेवाओं में सुधार के लिए 2159 पदों का पुनर्गठन किया जाएगा।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH