Top NewsUttar Pradesh

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सीएम योगी सख्त, बोले- अपराधी कितना भी प्रभावशाली हो, बख्शा नहीं जाएगा

अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़े कथित अनियमितताओं के आरोपों की जांच के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और सच्चाई सामने लाने के लिए विशेष जांच दल (SIT) काम कर रहा है।

अयोध्या दौरे से पहले मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि चढ़ावे से जुड़े आरोपों की जांच के लिए एसआईटी गठित की जा चुकी है। जांच पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रही है और तथ्य सामने आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी के पास मामले से जुड़े कोई तथ्य या साक्ष्य हों तो वे उन्हें जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराएं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अयोध्या और राम मंदिर को लेकर भ्रम फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिशों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अफवाहों के बजाय तथ्यों पर भरोसा करने की अपील की।

इधर, जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण धार्मिक वस्तुओं को लेकर भी पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, हीरे जड़ित हार और चरण पादुका के संबंध में विभिन्न पक्षों से जानकारी जुटाई गई है। जांच में शामिल लोगों के बयानों में कथित तौर पर अलग-अलग दावे सामने आए हैं, जिनका सत्यापन किया जा रहा है।

एसआईटी मामले से जुड़े दस्तावेजों, रिकॉर्ड और संबंधित व्यक्तियों के बयानों की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। फिलहाल, राम मंदिर से जुड़े इस मामले की जांच जारी है और प्रशासन का कहना है कि सभी तथ्यों की गहन समीक्षा के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH