Top NewsUttar Pradesh

बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि पर सख्त हुए सीएम योगी, किसानों को तुरंत मुआवजा देने के निर्देश

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और आग की घटनाओं से फसलों को हुए नुकसान पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार सुबह आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विपरीत परिस्थिति में किसानों का चिंतित होना स्वाभाविक है और राज्य सरकार पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है।

हर किसान को मिले उचित मुआवजा

राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित हर किसान और बटाईदार के नुकसान का सटीक और निष्पक्ष आकलन किया जाए। उन्होंने जिला स्तर पर राजस्व और कृषि विभागों के बीच समन्वय बढ़ाकर जल्द सर्वे कराने और रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि मुआवजे में देरी न हो।

बीमा दावों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बीमा कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर फसल बीमा दावों का जल्द निपटारा करने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि अधिकारी खुद किसानों से संपर्क कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग को निर्देश दिया कि राज्य आपदा राहत कोष से सभी जिलों को तत्काल पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि राहत कार्य तेजी से हो सकें।

24 घंटे में राहत राशि देने का आदेश

तेज हवाओं के कारण आग लगने की घटनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहानि या पशुहानि की स्थिति में 24 घंटे के भीतर राहत राशि दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तय होगी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH