मुंबई। महाराष्ट्र के लातूर जिले से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET को लेकर तनाव में चल रही एक छात्रा की मौत हो गई। पुलिस को दिए गए बयान में परिजनों ने बताया कि परीक्षा रद्द होने के बाद वह काफी परेशान रहने लगी थी।
यह मामला लातूर तालुका के गोंडेगांव गांव का है। जानकारी के मुताबिक, छात्रा मैथिली डॉक्टर बनने का सपना देख रही थी और NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उसने इस साल 12वीं की परीक्षा पास की थी और साथ ही CET परीक्षा भी दी थी।
परिवार के अनुसार, परीक्षा से जुड़े विवाद और पेपर लीक की खबरों के बाद वह लगातार तनाव में रहने लगी थी। पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी अक्सर कहती थी कि उसने मेहनत से पढ़ाई की और परीक्षा भी अच्छी हुई, लेकिन अब आगे क्या होगा, इसे लेकर वह चिंतित थी।
पुलिस के मुताबिक, एक सुबह परिवार को छात्रा घर में नहीं मिली। तलाश करने पर वह खेत के पास अचेत अवस्था में मिली। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में गांव में अंतिम संस्कार किया गया। पिता ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उन्हें किसी पर संदेह नहीं है और उन्होंने किसी के खिलाफ शिकायत भी दर्ज नहीं कराई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की औपचारिक जांच कर रही है।




