दिल्लीः देश में कोरोना की लहर के थमने के कारण जहां एक तरफ कोरोना के मरीजों में कमी देखने को मिली है, वहीं दूसरी तरफ चिंता की खबर ये है की त्योहारों के नजदीक आते ही कोरोना के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिलती है। पूराने आकड़ों की अगर बात करे तो पिछले साल अक्टूबर-नवंबर और इस साल मार्च और फिर अगस्त-सितंबर के बीच कोरोना के मामलों में इजाफा देखने को मिला है।
राहत की खबर ये है कि 206 दिन बाद देश में कोरोना के सबसे कम एक्टिव केस रह गए हैं। मतलब ऐसे मरीज जिनका इलाज चल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, ऐसे मरीजों की संख्या 2.36 लाख है। इससे पहले 16 मार्च 2021 को सबसे कम 2.34 लाख एक्टिव केस थे।
अब तक 3.39 करोड़ लोग संक्रमित हुए
देश में अब तक 3.39 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.32 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4.50 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। 2.36 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। इसे ही एक्टिव कहते हैं। पिछले एक हफ्ते के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार 13% कोरोना केस और 6% मौतों में गिरावट दर्ज हुई है।
पिछले साल त्योहारों पर क्या हुआ?
पिछले साल अक्तूबर से नवंबर के बीच ईद, दशहरा, दीवाली, छठ पूजा जैसे त्योहार मनाए गए। इस बीच नवंबर के दूसरे हफ्ते तक कोरोना के मामले कम हुए, लेकिन फिर अचानक से बढ़ गए। 23 नवंबर तक देश में एक्टिव केस 4.38 लाख थे, जो 26 नवंबर तक बढ़कर 4.55 लाख हो गए। स्वास्थ्य मंत्रालय ने पिछले साल प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि त्योहारों में लोगों की लापरवाही का नतीजा बाद में देखने को मिलता है।
इस साल भी वही गलती दोहराई
इस साल के आंकड़ों की शुरूआत मार्च से करते हैं। 28 मार्च को देशभर में होली खेली गई। तब 5.22 लाख एक्टिव केस थे। इसके बाद आंकड़ों में जबरदस्त इजाफा हुआ और एक महीने के अंदर देश में एक्टिव मरीजों की संख्या 30 लाख से भी अधिक हो गई। हालात ये हो गए थे कि अस्पतालों में बेड, दवाओं और ऑक्सीजन की भारी कमी हो गई। मौतें इतनी बढ़ गईं कि श्मशान घटों, कब्रिस्तान में भी जगह नहीं बची।
अगस्त में भी बढ़ने लगे थे केस
इसी साल अगस्त में मनाए गए त्योहारों के दौरान भी कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अगस्त में मुहर्रम, रक्षा बंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे त्योहार धूमधाम से मनाए गए। आंकड़े बताते हैं कि 24 अगस्त 2021 तक देश में 3.28 लाख एक्टिव केस थे। इसमें पहले लगातार गिरावट दर्ज हो रही थी, लेकिन त्योहारों के बीच अचानक इसमें इजाफा होने लगा और चार सितंबर तक देश में एक्टिव केस बढ़कर 4.16 लाख पहुंच गए। इसके बाद इसमें किसी तरह काबू पाया गया।
हर रोज मिल रहे केस कम हुए
पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 19 हजार 740 नए मामले दर्ज किए गए हैं। दो दिनों के भीतर ही कोरोना के दो हजार मामले कम हुए हैं। इससे पहले गुरुवार को 21 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए थे। पिछले 24 घंटे में 23 हजार 434 लोगों ने बीमारी को मात दी है, जबकि 245 लोगों की मौत हुई।
अमेरिका में सबसे ज्यादा मरीज मिल रहे
हर रोज मिल रहे संक्रमितों के मामले में भारत दुनिया का पांचवा बड़ा देश है। सबसे ज्यादा अमेरिका में लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। यहां हर रोज एक लाख से ज्यादा मामले बढ़ रहे हैं। दूसरे नंबर पर ब्रिटेन और तीसरे पर तुर्की है। चौथे पर रूस है। मौत के मामले में भी अमेरिका पहले नंबर पर है। यहां हर रोज 1500 से 2000 लोगों की जान जा रही है। इसके बाद रूस है, जहां 500-1000 लोग दम तोड़ रहे। ब्राजील में 600-700 और रोमानिया में 300-400 लोगों की मौत हो रही है। भारत में मरने वालों का आंकड़ा 200-300 के बीच रह रहा है।