राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नीट पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को देखते हुए शुक्रवार को भी दिल्ली मेट्रो की सेवाओं पर असर पड़ा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है।
DMRC के अनुसार, शुक्रवार सुबह 7:30 बजे से इन स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय (सेंट्रल सेक्रेटेरिएट) स्टेशनों पर केवल इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी, ताकि विभिन्न मेट्रो लाइनों के बीच यात्रियों की आवाजाही प्रभावित न हो।
ये 17 मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद
DMRC द्वारा जारी सूची के अनुसार लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान मेट्रो स्टेशन फिलहाल यात्रियों के लिए बंद रहेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था के चलते लिया गया फैसला
जंतर-मंतर और उसके आसपास प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इसी के मद्देनज़र मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपने रूट की जानकारी जांच लें और आवश्यक होने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
गुरुवार को भी लोगों को उठानी पड़ी थी परेशानी
गुरुवार को भी इसी तरह की पाबंदियों के चलते मध्य दिल्ली में यातायात प्रभावित रहा था। कई मेट्रो स्टेशन बंद रहने और प्रमुख सड़कों पर बैरिकेडिंग के कारण यात्रियों को लंबा सफर तय करना पड़ा।
दफ्तरों की छुट्टी के समय स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण रही। बड़ी संख्या में लोगों को बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन का सहारा लेना पड़ा, जिससे कई रूटों पर भीड़ बढ़ गई। यात्रियों ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में घर पहुंचने में 40 से 45 मिनट तक अतिरिक्त समय लगा।




