नई दिल्ली। निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर कथित हमले के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में आरोपी बताए जा रहे स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई उस समय हुई है जब भारद्वाज का एक पॉडकास्ट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया था। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में भारद्वाज ने संजय कुमार पर हमले का जिक्र किया था। वीडियो सामने आने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) समेत कई राजनीतिक दलों के नेता इस मामले में सक्रिय हो गए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
वायरल वीडियो के बाद नेताओं ने थाने का रुख किया
वीडियो के सामने आने के बाद CJP नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास समेत कई नेता और कार्यकर्ता दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस के सामने मामले को उठाते हुए स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कांग्रेस की छात्र इकाई से जुड़े विनोद जाखड़ और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नेता एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद भी थाने पहुंचे। नेताओं ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और वायरल वीडियो में किए गए दावों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
CJP नेताओं ने भी उठाई कार्रवाई की मांग
CJP की ओर से आशुतोष रांका और सौरव दास लगातार इस मामले को लेकर आवाज उठा रहे थे। दोनों नेताओं ने इससे पहले भी संजय कुमार के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। नेताओं का कहना था कि यदि वायरल पॉडकास्ट में हमले को लेकर किए गए दावे सही हैं, तो पुलिस को मामले की जांच कर कानून के मुताबिक कार्रवाई करनी चाहिए। इसी मांग को लेकर CJP के नेता और कार्यकर्ता संसद मार्ग थाने पहुंचे थे।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर कथित हमले से जुड़ा है। आरोप है कि दिल्ली में हुए CJP के प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार के साथ मारपीट की गई थी। बाद में स्वतंत्र भारद्वाज के एक पॉडकास्ट का वीडियो सामने आया, जिसमें उसने कथित तौर पर इस घटना का जिक्र किया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गईं। अलग-अलग दलों के नेताओं ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की।




