SportsTop News

साउथ अफ्रीका से हार के बाद भी सेमीफाइनल की रेस में बरकरार टीम इंडिया, अब नेट रन रेट बनेगा सबसे बड़ा फैक्टर

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली हार के बावजूद भारतीय टीम की सेमीफाइनल की उम्मीदें अभी भी कायम हैं। हालांकि अब ग्रुप-ए में मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है, जहां भारत, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश तीनों के 4-4 अंक हैं। ऐसे में अंतिम चार में पहुंचने की जंग में नेट रन रेट की भूमिका बेहद अहम होने वाली है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलने के बाद भी भारत का नेट रन रेट +2.511 है, जो उसे मजबूत स्थिति में बनाए हुए है। टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज कर अपने रन रेट को काफी बेहतर किया था।

भारतीय टीम के अब ग्रुप चरण में दो मुकाबले बाकी हैं। यदि भारत बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया दोनों को हराने में सफल रहता है, तो उसका सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। लेकिन यदि टीम को इनमें से किसी एक मैच में भी हार का सामना करना पड़ता है, तो फिर उसे अन्य टीमों के परिणामों और नेट रन रेट के समीकरणों पर निर्भर रहना पड़ सकता है।

साउथ अफ्रीका की नजर बड़ी जीत पर

साउथ अफ्रीका ने टूर्नामेंट की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार से की थी, जिससे उसका नेट रन रेट प्रभावित हुआ। हालांकि इसके बाद उसने पाकिस्तान और भारत को हराकर वापसी की है। बावजूद इसके उसका नेट रन रेट -0.641 है, जो चिंता का कारण बना हुआ है।अफ्रीकी टीम के लिए अच्छी बात यह है कि उसे अपने बाकी दोनों मुकाबले अपेक्षाकृत कमजोर मानी जा रही नीदरलैंड्स और बांग्लादेश की टीमों के खिलाफ खेलने हैं। ऐसे में वह बड़े अंतर से जीत दर्ज कर नेट रन रेट में सुधार करना चाहेगी।

बांग्लादेश के लिए करो या मरो की स्थिति

बांग्लादेश ने टूर्नामेंट की शुरुआत नीदरलैंड्स पर जीत के साथ की थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 विकेट की हार से उसका नेट रन रेट प्रभावित हुआ। पाकिस्तान पर जीत ने उसकी उम्मीदों को जिंदा रखा है, लेकिन उसकी राह सबसे कठिन मानी जा रही है। बांग्लादेश को अब भारत और साउथ अफ्रीका दोनों के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। इसके साथ ही उसे अपने नेट रन रेट में भी बड़ा सुधार करना पड़ेगा, तभी वह सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने की उम्मीद कर सकता है।

ऑस्ट्रेलिया सबसे मजबूत स्थिति में

ग्रुप-ए में ऑस्ट्रेलिया फिलहाल सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभरा है। टीम ने अपने शुरुआती तीनों मुकाबले जीते हैं और उसका नेट रन रेट +4.391 है। शानदार प्रदर्शन के चलते ऑस्ट्रेलिया का सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं पाकिस्तान और नीदरलैंड्स की टीमें अब सेमीफाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी हैं। ऐसे में ग्रुप-ए से दूसरे स्थान के लिए भारत, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH